लाइसेंस शुल्क के विरुद्ध व्यापारियों ने नाराजगी जाताई

लाइसेंस शुल्क के विरुद्ध व्यापारियों ने नाराजगी जाताई


नगर निगम ने व्यापार पर लगाए लाइसेंस शुल्क के विरुद्ध व्यापारियों ने आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। व्यापारियों ने बैठक कर तीन फरवरी को देहरादून बंद की चेतावनी दी है। इससे पूर्व व्यापारी सोमवार को नगर निगम में महापौर सुनील उनियाल गामा से भी मुलाकात करेंगे और वहां से राहत नहीं मिली तो बाजार बंद किया जाएगा। लाइसेंस शुल्क के विरोध में शनिवार को दून उद्योग व्यापार मंडल की गीता भवन में बैठक हुई। अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि निगम की लाइसेंस शुल्क की प्रस्तावित नीति का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। महामंत्री सुनील मैसोन ने कहा कि व्यापारी गत दिनों अपनी आपत्ति जताने नगर आयुक्त के पास गए तो उनका कहना था कि मसला सरकार के पास है। नगर निगम इसमें कुछ नहीं कर सकता। यह लागू होकर ही रहेगा। व्यापारी डीडी अरोड़ा एवं बृजलाल ने कहा कि नगर निगम पहले ही भवन कर की दरें बढ़ा चुका है। ऐसे में नए कर थोपकर शहर के हर वर्ग को परेशान किया जा रहा।बड़ी संख्या में व्यापारियों का कहना था कि जब जीएसटी लगाया गया तब सरकार ने बताया कि सभी प्रकार के टैक्स इसमें शामिल कर लिए गए हैं, मगर अब तरह-तरह के टैक्स व्यापारियों पर लगाए जा रहे हैं। व्यापारियों की कमर मंदी से पहले ही टूटी हुई है, ऐसे में लाइसेंस शुल्क आग में घी का काम कर रहा है। राजपुर रोड के व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि लाइसेंस शुल्क किसी सूरत में नहीं लगने दिया जाएगा।